हरदोई में पेड़ पर फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, 24 घंटे में दूसरी घटना से सनसनी, युवती ने दुपट्टे और युवक ने रस्सी के सहारे लटककर दी जान

हरदोई। जिले के हरियावां थाना क्षेत्र के बेला कपूरपुर गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर प्रेमी युगल के शव फांसी के फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती का शव आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला, जबकि युवक का शव उसी पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका हुआ था। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले कछौना थाना क्षेत्र में भी एक विवाहित युवक और अविवाहित युवती ने घर के अंदर एक ही फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस युवक के तीन बच्चे थे। लगातार 24 घंटे के भीतर जिले में प्रेमी युगलों से जुड़ी दूसरी ऐसी घटना सामने आने से लोगों में चिंता और चर्चा का माहौल है।
समाचार लिखे जाने तक हरदोई पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।