हरदोई में प्रेमी युगल ने लगाई फांसी, विवाहित युवक और अविवाहित युवती के बीच था प्रेम-संबंध, पत्नी से विवाद के बाद दोनों एक ही फंदे से लटके मिले

हरदोई। जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौरा में शनिवार सुबह एक विवाहित युवक और उसकी प्रेमिका के शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों ने एक ही साड़ी के सहारे छत के कुंडे से फांसी लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक श्रवण (35) पुत्र जवाहर निवासी ग्राम चौरा ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी लगभग 10 वर्ष पहले हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे हैं। वहीं मृतका कुंती (20) पुत्री सोबरन निवासी ग्राम फत्तेपुर, थाना बेनीगंज अविवाहित थी। दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार श्रवण शुक्रवार शाम अपनी प्रेमिका को घर लेकर आया था। इसे लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी भी हुई थी। शनिवार सुबह दोनों के शव कमरे में फंदे से लटके मिले, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम, क्षेत्राधिकारी बघौली प्रभा पटेल तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।