मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 23 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, 2 नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले

मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 23 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, 2 नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले

मुरादाबाद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को विशेष एफएसडब्ल्यू जागरूकता, प्रशिक्षण एवं परीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान लाइनपार क्षेत्र में संचालित किया गया, जिसमें विभाग की मोबाइल फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच की गई।

अभियान के दौरान कुल 23 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित कर उनकी जांच की गई। जांच में 2 नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए, जिनमें चटनी और खोया बर्फी शामिल हैं। विभाग द्वारा इन नमूनों को आगे की जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।

इस अभियान के अंतर्गत खाद्य कारोबार संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर जागरूक भी किया गया। विभाग द्वारा 35 खाद्य व्यवसाय संचालकों (FBOs) को प्रशिक्षण दिया गया और उन्हें स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कारोबारियों को निर्देश दिए गए कि केवल एफएसएसएआई लाइसेंस युक्त खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें। खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार के सिंथेटिक रंगों के इस्तेमाल से बचें, रसोईघर और खाद्य निर्माण क्षेत्र में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखें तथा खाद्य तैयार करने के दौरान हेड कैप, फेस मास्क, एप्रन और दस्ताने का उपयोग करें।

इसके अलावा सभी कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान जनस्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।