मुरादाबाद में 24वीं बटालियन PAC को दी गई फायर सेफ्टी ट्रेनिंग

मुरादाबाद में 24वीं बटालियन PAC को दी गई फायर सेफ्टी ट्रेनिंग

मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से 24वीं बटालियन पीएसी,मुरादाबाद में फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें मुरादाबाद अग्निशमन विभाग के अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में जवानों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान फायर विभाग की टीम ने आग लगने के संभावित कारण, आग से बचाव के उपाय, फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में नियंत्रण, शॉर्ट सर्किट से बचाव तथा आपदा के समय त्वरित कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जवानों को मॉक ड्रिल के माध्यम से आग बुझाने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य सुरक्षा बलों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए पूरी तरह तैयार रखना है, ताकि किसी भी हादसे की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद सभी जवानों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए फायर सेफ्टी संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

यह कार्यक्रम सुरक्षा जागरूकता और आपदा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।