जनसुरक्षा को प्राथमिकता: मुरादाबाद में पुलिस और अग्निशमन विभाग ने होटलों की जांच की

मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग की बड़ी कार्रवाई, बुध बाजार क्षेत्र के 11 होटलों की जांच, कई को नोटिस जारी

मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में बुध बाजार क्षेत्र स्थित 11 होटलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने किया।

निरीक्षण के दौरान होटलों में लगाए गए अग्निशमन यंत्रों, फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकालीन निकास द्वार, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान कई होटलों में अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां पाई गईं, जिसके चलते संबंधित होटल संचालकों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन होटलों या संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही होटल संचालकों से अपील की गई कि वे अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि से बचा जा सके।

इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और निरीक्षण अभियान को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग की ओर से बुध बाजार चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे।

अग्निशमन विभाग की इस कार्रवाई से होटल संचालकों में हड़कंप मचा रहा और क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।