दिवंगत रेलकर्मियों के परिवारों के लिए सहारा बनी जेसी बैंक, ₹44.31 लाख का ऋण किया माफ

दिवंगत रेलकर्मियों के परिवारों के लिए सहारा बनी जेसी बैंक, ₹44.31 लाख का ऋण किया माफ

अहमदाबाद। रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए अहमदाबाद स्थित जेसीसीएस बैंक (जे.सी.सी.एस. बैंक) ने दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों के सम्मान और आर्थिक सहयोग के लिए एक विशेष सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर बैंक ने 9 दिवंगत अंशधारकों के परिवारों को बड़ी राहत देते हुए ₹44.31 लाख का बकाया ऋण पूरी तरह माफ कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश मौजूद रहे। उन्होंने दिवंगत रेलकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारतीय रेल अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रेल प्रशासन से जुड़ी किसी भी समस्या, चाहे वह पेंशन हो, पास हो या अन्य सुविधा, उनके समाधान के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा।

इस दौरान बैंक प्रबंधन ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए अहमदाबाद शाखा के 9 दिवंगत अंशधारकों की कुल ₹44,31,782 की ऋण राशि माफ करने की घोषणा की। इसके अलावा आश्रित परिवारों को उनकी सीटीडी जमा पूंजी के रूप में ₹28.86 लाख का भुगतान किया गया। साथ ही प्रत्येक पात्र परिवार को ₹50,000 की अनुग्रह राशि के चेक भी सौंपे गए।

कार्यक्रम को भावनात्मक और यादगार बनाने के लिए बैंक की ओर से सभी परिवारों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जो सकारात्मकता, समृद्धि और बेहतर भविष्य का प्रतीक माना गया।

कार्यक्रम के बाद डीआरएम वेद प्रकाश ने बैंक भवन का निरीक्षण किया। भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने बैंक के लिए आधुनिक और बेहतर भवन निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया।

बैंक अधिकारियों ने कहा कि जेसी बैंक हमेशा अपने सदस्यों और उनके परिवारों के साथ एक परिवार की तरह खड़ा रहा है और आगे भी सामाजिक सेवा, मानवीय संवेदनाओं तथा सदस्य हितों के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।