हरदोई में ज्वैलर्स लूटकांड का खुलासा, पांच बदमाश गिरफ्तार, सोना-चांदी व अवैध हथियार बरामद

हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त कार व बाइक के साथ अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 17 जून को हसनापुर निवासी सर्राफा व्यापारी मोहम्मद नसीम अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी जमुनिया चौराहे से आगे रसूलपुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया था। बैग में सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन रखा था। इस मामले में कासिमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलवार रात निगोहिया रोड पर घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सत्यपाल मौर्य, अमित सिंह, मुजीब, अभिषेक उर्फ कल्लू और रोहित तिवारी शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से 848 ग्राम चांदी के अधगले आभूषण, 23.48 ग्राम सोने के अधगले आभूषण, एक मोबाइल फोन, 2500 रुपये नकद, एक ब्रेजा कार, एक मोटरसाइकिल, पांच तमंचे और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में लूट की वारदात कबूल कर ली है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।