फिरोजपुर रेल मंडल की बड़ी उपलब्धि, एक हफ्ते में करोड़ों की कमाई के साथ यात्रियों को मिली नई सुविधाएं

फिरोजपुर रेल मंडल ने इस सप्ताह कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करते हुए राजस्व बढ़ाने और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंडल द्वारा ई-निविदा प्रक्रिया के जरिए कई नए अनुबंध आवंटित किए गए हैं, जिससे रेलवे को लाखों-करोड़ों रुपये की अतिरिक्त आय होगी।

सबसे बड़ी उपलब्धि के तहत ट्रेन संख्या 04652, 14664 और 11058 में एसएलआर लीजिंग अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित किए गए हैं। इन अनुबंधों से रेलवे को करीब 2.68 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा। इससे पार्सल और लगेज परिवहन सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारियों को तेज, सुरक्षित व किफायती ढुलाई की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक ट्रेन में पहली बार एसएलआर लीजिंग अनुबंध दिया गया है।

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए फिरोजपुर रेल मंडल ने ब्यास, फिरोजपुर कैंट और फगवाड़ा रेलवे स्टेशन पर पहली बार डिजिटल स्टोरेज लॉकर सुविधा शुरू करने के लिए तीन वर्षों का अनुबंध आवंटित किया है। इससे यात्रियों को स्टेशन पर ही अपने सामान को सुरक्षित रखने की आधुनिक सुविधा मिलेगी। इस व्यवस्था से रेलवे को तीन वर्षों में 5.87 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इसके साथ ही फिरोजपुर मंडल उत्तर रेलवे का पहला ऐसा मंडल बन गया है जहां सभी सात प्रमुख स्टेशनों पर डिजिटल स्टोरेज लॉकर सुविधा उपलब्ध हो गई है।

रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पहली बार पूजा सामग्री स्टोर के संचालन के लिए अनुबंध आवंटित किया गया है। इस अनुबंध की कीमत पहले वर्ष के लिए 1.53 लाख रुपये और तीन वर्षों के लिए कुल 4.60 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही पूजा सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सकेगी और रेलवे की गैर-किराया आय में भी बढ़ोतरी होगी।

इसके अलावा ग्राहकों को बेहतर पार्सल सेवाएं देने के लिए फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर पहली बार पार्सल पैकिंग सुविधा शुरू करने हेतु अनुबंध दिया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से पार्सलों की सुरक्षित और मानक अनुरूप पैकिंग सुनिश्चित होगी, जिससे परिवहन के दौरान सामान को नुकसान होने की संभावना कम होगी। इस सुविधा से रेलवे को तीन वर्षों में 7.15 लाख रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा।

फिरोजपुर रेल मंडल की ये उपलब्धियां रेलवे के डिजिटलीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और गैर-किराया आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।