फिरोजपुर मंडल में संरक्षा संगोष्ठी और क्विज प्रतियोगिता आयोजित, रेलकर्मियों को दिया सुरक्षित संचालन का प्रशिक्षण

फिरोजपुर मंडल में संरक्षा संगोष्ठी और क्विज प्रतियोगिता आयोजित, रेलकर्मियों को दिया सुरक्षित संचालन का प्रशिक्षण

फिरोजपुर मंडल में रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंडल यातायात प्रशिक्षण केंद्र में संरक्षा संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 19 जून 2026 को मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें 100 से अधिक रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गुरुशरण पाठक की अध्यक्षता में करीब चार घंटे चले इस कार्यक्रम में सुरक्षित रेल संचालन, सिग्नलों के शत-प्रतिशत पालन, सतर्कता और यात्रियों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रेन संचालन और संरक्षा नियमों पर आधारित लाइव क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें रेलकर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को अधिकारियों ने मौके पर ही सम्मानित किया।

संगोष्ठी का सबसे आकर्षक हिस्सा व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र रहा। इसमें लाइव फायर ड्रिल के जरिए आग जैसी आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा क्रैंक हैंडल संचालन का लाइव प्रदर्शन कर पॉइंट फेल होने की स्थिति में परिचालन जारी रखने की जानकारी दी गई। वहीं सुरक्षित शंटिंग अभ्यास के माध्यम से मानवीय त्रुटियों को कम करने और सुरक्षित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) त्रिलोक सिंह, मंडल परिचालन प्रबंधक हरमीत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पर्यवेक्षक मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम सुरक्षित और सुचारू रेल संचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।