डीआरएम ने फुटप्लेट निरीक्षण कर परखी जोधपुर-लूनी रेलखंड की संरक्षा, यात्री सुविधाओं का भी लिया जायजा

डीआरएम ने फुटप्लेट निरीक्षण कर परखी जोधपुर-लूनी रेलखंड की संरक्षा, यात्री सुविधाओं का भी लिया जायजा

जोधपुर। रेल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने रविवार को जोधपुर-लूनी रेलखंड का विशेष निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फुटप्लेट निरीक्षण कर रेल संचालन, सुरक्षा व्यवस्थाओं और स्टेशन सुविधाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने भगत की कोठी-चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लोकोमोटिव में सवार होकर पूरे रेलखंड का अवलोकन किया और मार्ग में परिचालन व्यवस्था की स्थिति को करीब से परखा। उन्होंने ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग प्रणाली, समपार फाटकों, संरक्षा उपकरणों और ट्रेन संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि रेल सुरक्षा के सभी मानकों का पूरी सख्ती के साथ पालन किया जाए। कहीं भी किसी प्रकार की अनियमितता या कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

लूनी स्टेशन पहुंचने के बाद डीआरएम ने स्टेशन परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र किए जाएं।

इसके अलावा ट्रेन में साफ-सफाई की व्यवस्था, लिनेन की गुणवत्ता, वेंडर सेवाओं और आपातकालीन सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हर समय तैयार रहें।

इस अवसर पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराना भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रेल संरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।