अमृतसर रेलवे स्टेशन बना फलों की ढुलाई का प्रमुख केंद्र, दो माह में 118 टन फलों की रिकॉर्ड बुकिंग

अमृतसर रेलवे स्टेशन बना फलों की ढुलाई का प्रमुख केंद्र, दो माह में 118 टन फलों की रिकॉर्ड बुकिंग

फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत आने वाला अमृतसर रेलवे स्टेशन इन दिनों पेरिशेबल यानी जल्दी खराब होने वाले फलों की ढुलाई के लिए एक बड़े केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में रेलवे द्वारा किए जा रहे लगातार प्रयासों और व्यापारियों के साथ बेहतर तालमेल का सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मई 2026 और जून 2026 के दौरान अमृतसर रेलवे स्टेशन से बड़ी मात्रा में फलों की बाहरी राज्यों के लिए बुकिंग की गई है। इस दौरान बांद्रा टर्मिनस, वडोदरा और सूरत के लिए चेरी और लीची, जबकि हावड़ा और कोलकाता के लिए नाशपाती और लीची भेजी गई। रेलमार्ग से इन फलों की तेज, सुरक्षित और किफायती ढुलाई होने से फलों की गुणवत्ता बनी रहती है, जिससे व्यापारियों और किसानों दोनों को सीधा फायदा मिल रहा है।

आंकड़ों के मुताबिक मई और जून 2026 के दौरान अब तक 8 हजार 387 बॉक्स यानी करीब 118 टन पेरिशेबल फलों की बुकिंग दर्ज की गई है। इनमें 6 हजार 146 बॉक्स चेरी, 1 हजार 825 बॉक्स लीची और 416 बॉक्स नाशपाती शामिल हैं। इन फलों को देश के विभिन्न प्रमुख शहरों तक रेलमार्ग के जरिए पहुंचाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य फ्रेट प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे माल यातायात को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

यह उपलब्धि दर्शाती है कि रेलवे अब यात्री सेवाओं के साथ-साथ माल परिवहन के क्षेत्र में भी लगातार नई सफलताएं हासिल कर रहा है।