अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर खेरागढ़ में भव्य योग शिविर का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास

संवाददाता सुमित गर्ग खेरागढ़,

खेरागढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नगर पंचायत खेरागढ़ द्वारा गल्ला मंडी परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया। महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

योग शिविर में नगर पंचायत चेयरमैन सुधीर गर्ग, उपजिलाधिकारी ऋषि राव, तहसीलदार सतेंद्र कुमार, भाजपा जिलाउपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा, मेघराज सोलंकी, भाजपा महामंत्री कल्याण सिंह राजपूत, देवेन्द्र सिकरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस दौरान योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है।

वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज विश्वभर में अपनाया जा रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है।

योग शिविर के दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेरागढ़ की चिकित्सीय टीम भी मौके पर मौजूद रही। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रतिभागियों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर नजर बनाए रखी, जिससे कार्यक्रम सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का आह्वान किया। योग शिविर के दौरान पूरे परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

नगर पंचायत द्वारा आयोजित इस योग शिविर को सफल बनाने में कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।