मुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, एसीपी ने कर्बला-इमामबाड़ों का किया निरीक्षण

मुहर्रम सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, एसीपी प्रीता दुबे ने दिए आवश्यक निर्देश

खेरागढ़। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से एसीपी खेरागढ़ प्रीता दुबे ने पुलिस बल के साथ कर्बला एवं इमामबाड़ों का निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पथ-प्रकाश और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसीपी ने ताजियेदारों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा जुलूस मार्ग पर भवनों की छतों पर क्षमता से अधिक लोगों की भीड़ एकत्र न होने दी जाए। उन्होंने बताया कि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। साथ ही ताजियों का दफन केवल निर्धारित कर्बला स्थलों पर ही किए जाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर एसीपी ने थाना परिसर में तैनात नए महिला एवं पुरुष आरक्षियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में सोशल मीडिया पर वीडियो, रील या अन्य सामग्री पोस्ट न करे। उन्होंने सभी आरक्षियों को अनुशासन, मर्यादा और पुलिस विभाग की गरिमा बनाए रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।