जैन डिस्टलरी में हुआ ऑन साइट इमरजेंसी प्लान के तहत मॉकड्रिल का आयोजन

बिजनौर। जनपद में औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 20 जून 2026 को श्रीमान मुख्य अग्निशमन अधिकारी बिजनौर डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के आदेश एवं दिशा-निर्देशन में जैन डिस्टलरी, नगीना रोड बिजनौर में ऑन साइट इमरजेंसी प्लान के अंतर्गत आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी रिहर्सल एवं मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया।

मॉकड्रिल के दौरान फैक्ट्री परिसर में संभावित दुर्घटना या आग लगने जैसी आपात स्थिति उत्पन्न होने पर कर्मचारियों एवं सुरक्षा टीम द्वारा तत्काल बचाव कार्य, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग तथा आपदा प्रबंधन की प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को आपातकाल के दौरान सतर्कता बरतने, घबराहट से बचने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान यह भी बताया गया कि किसी भी औद्योगिक दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय किस प्रकार जान-माल की हानि को कम कर सकता है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाना तथा आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।