भारत पेट्रोलियम नजीबाबाद में मॉक ड्रिल आयोजित, कर्मचारियों को दिया गया अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

बिजनौर। जनपद बिजनौर में औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड, आदर्श नगर नजीबाबाद में ऑन साइट इमरजेंसी प्लान के अंतर्गत विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जनपद बिजनौर के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ। मॉक ड्रिल का नेतृत्व अग्निशमन केंद्र नजीबाबाद के प्रभारी श्री कनही सिंह ने किया।

कार्यक्रम के दौरान भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारियों तथा अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया। इस दौरान आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य, आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया तथा उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आग लगने के संभावित कारणों, दुर्घटना के समय बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कर्मचारियों को प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने वाले उपकरणों के सही उपयोग का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करना है, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जान-माल की हानि को कम से कम किया जा सके।

इस आयोजन से संस्थान के कर्मचारियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी और आपदा प्रबंधन को लेकर उनकी तैयारियों को मजबूती मिली।