बिजनौर में मोहित पेट्रो केमिकल्स कंपनी में अग्निशमन विभाग ने कराया मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को दिया सुरक्षा प्रशिक्षण

बिजनौर में मोहित पेट्रो केमिकल्स कंपनी में अग्निशमन विभाग ने कराया मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को दिया सुरक्षा प्रशिक्षण

बिजनौर के अंतर्गत जनपद बिजनौर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह आयोजन मोहित पेट्रो केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, नगीना रोड, बिजनौर में कराया गया।

यह मॉक ड्रिल डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, बिजनौर के दिशा-निर्देशन में तथा शीशपाल सिंह, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी बिजनौर के नेतृत्व में संपन्न हुई।

मॉक ड्रिल के दौरान कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग के जवानों ने संयुक्त रूप से किसी भी आपातकालीन स्थिति में आग लगने की घटना से निपटने का अभ्यास किया। इस दौरान कर्मचारियों को उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के संचालन, आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, बचाव के उपाय और आपदा के समय सतर्कता बरतने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग की टीम ने कंपनी कर्मचारियों को आग से बचाव के तरीकों, सुरक्षा मानकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में प्रशिक्षण देकर जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास से किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना के दौरान जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर. के. पाण्डेय ने बताया कि जनपद में विभिन्न संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों में लगातार इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अग्नि सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके और आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।