फिरोजपुर मंडल में 27 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को ₹10.49 करोड़ से अधिक का समापन भुगतान प्रदान

फिरोजपुर मंडल में 27 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को ₹10.49 करोड़ से अधिक का समापन भुगतान प्रदान

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में मई 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 27 रेलकर्मियों को सोमवार को ₹10.49 करोड़ से अधिक का समापन देय भुगतान प्रदान किया गया। यह भुगतान मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार द्वारा मंडल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया गया।

रेल प्रशासन के अनुसार सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को कुल छह प्रकार के भुगतान किए जाते हैं, जिनमें पीपीओ, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, जीआईएस तथा पीएफ शामिल हैं।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को संबोधित करते हुए रेलवे सेवा में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद प्राप्त धनराशि का उपयोग सोच-समझकर करें और अपनी रुचि के अनुसार स्वयं को सक्रिय बनाए रखें, जिससे जीवन स्वस्थ और संतुलित बना रहे।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अपनी सेवानिवृत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और किसी भी सहायता या मार्गदर्शन के लिए कार्मिक शाखा हमेशा उपलब्ध है।

इस कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) सुमित खुल्लर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता भूपेन्द्र, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राहुल देव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।