रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, सियालदह मंडल ने बढ़ाई 3 मेमू ट्रेनों की सेवा

राजीव सक्सेना की पहल से यात्रियों को बड़ी राहत, तीन मेमू ट्रेनों का बहरमपुर कोर्ट तक विस्तार

कोलकाता। यात्रियों की सुविधा और मुर्शिदाबाद क्षेत्र में रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में सियालदह मंडल ने बड़ा कदम उठाते हुए तीन मौजूदा मेमू ट्रेन सेवाओं का विस्तार कॉसिमबाजार स्टेशन से बहरमपुर कोर्ट स्टेशन तक कर दिया है। इस फैसले से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों और कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इन विस्तारित सेवाओं का शुभारंभ बहरमपुर के विधायक सुब्रत मैत्रा ने बहरमपुर कोर्ट स्टेशन से किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक सियालदह राजीव सक्सेना भी मौजूद रहे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विस्तार से अज़ीमगंज और बहरमपुर कोर्ट के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही और अधिक आसान होगी। बहरमपुर कोर्ट जिला का प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक केंद्र होने के कारण यह सुविधा क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

इन मेमू ट्रेनों का हुआ विस्तार

63042/63041 मेमू सेवा

अज़ीमगंज से सुबह 06:55 बजे प्रस्थान कर 07:20 बजे बहरमपुर कोर्ट पहुंचेगी।

वापसी में 07:35 बजे बहरमपुर कोर्ट से चलकर 08:02 बजे अज़ीमगंज पहुंचेगी।

63046/63045 मेमू सेवा

अज़ीमगंज से शाम 19:50 बजे रवाना होकर 20:15 बजे बहरमपुर कोर्ट पहुंचेगी।

वापसी में 20:53 बजे चलकर 21:20 बजे अज़ीमगंज पहुंचेगी।

63058/63057 मेमू सेवा

अज़ीमगंज से रात 21:30 बजे प्रस्थान कर 21:57 बजे बहरमपुर कोर्ट पहुंचेगी।

वापसी में 22:12 बजे बहरमपुर कोर्ट से चलकर 22:39 बजे अज़ीमगंज पहुंचेगी।

मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि सियालदह मंडल यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रहा है। इस नई व्यवस्था से अज़ीमगंज, कॉसिमबाजार, बहरमपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संशोधित स्टेशन और समय-सारणी की जानकारी जरूर देख लें।