सियालदह मंडल का मेगा टिकट चेकिंग अभियान: “टिकट लेकर चलें, सम्मान के साथ सफर करें” का दिया संदेश

सियालदह मंडल ने रेल यात्रा में अनुशासन और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 12 जून 2026 को सियालदह सोनारपुर कैनिंग रेलखंड पर एक व्यापक विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का मुख्य संदेश था टिकट लेकर यात्रा करें, सम्मान के साथ सफर करें।

यह विशेष अभियान केवल टिकट जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यात्रियों को नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए जागरूक करने का भी प्रयास किया गया। इस अभियान का नेतृत्व उदय शंकर झा तथा सुनील महाला ने किया।

वाणिज्य विभाग की टीम ने सोनारपुर कैनिंग सेक्शन के स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 618 मामलों में कार्रवाई की गई और 1 लाख 47 हजार 685 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान कार्रवाई का विवरण इस प्रकार रहा

449 मामले बिना टिकट यात्रा करने के

128 मामले बिना बुक किए सामान ले जाने के

41 मामले थूकने और गंदगी फैलाने के

सियालदह मंडल ने इस अभियान के माध्यम से यात्रियों को स्पष्ट संदेश दिया कि रेलवे के नियमों का सम्मान करें, स्वच्छता बनाए रखें और वैध टिकट लेकर सम्मानपूर्वक यात्रा करें।