मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

सुमित गर्ग खेरागढ़ संवाददाता,

खेरागढ़। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना खेरागढ़ की एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा कस्बे के जिला परिषद मार्केट, सर्राफा बाजार, बाईपास चौराहा सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने 1090 (वीमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 102 (गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं हेतु एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के उपयोग और महत्व के बारे में विस्तार से बताया।

इसके अलावा महिला हेल्प डेस्क, महिला बीट पुलिस अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वाड एवं महिला साइबर सेल की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। महिलाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक एवं ओटीपी साझा न करने के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक गीता, रिक्रूट महिला आरक्षी शिवानी, रिक्रूट आरक्षी गौरव जांगिड़ तथा रिक्रूट आरक्षी गिरीश कुमार उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने तथा बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की अपील की।