मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 7 खाद्य पदार्थों के नमूने भरे, बिना लाइसेंस मुर्गा स्लाटर हाउस बंद

मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 7 खाद्य पदार्थों के नमूने भरे, बिना लाइसेंस मुर्गा स्लाटर हाउस बंद

मुरादाबाद में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त, उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश, सहायक आयुक्त खाद्य-III मुरादाबाद के निर्देश तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में 18 जून से 19 जून 2026 तक जिले में विशेष जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इनमें 3 घी, 2 दही, 1 टोन्ड मिल्क और 1 गाय के दूध का नमूना शामिल है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने रहमत नगर गली नंबर-8 करूला, मैसर्स राज देवी कांठ, इस्लाम नगर पाकबड़ा, मैसर्स ए.के. ट्रेडर्स सम्भल रोड, इरफान डेरी बहेड़ी ब्रहमनान और सिरात डेरी बहेड़ी ब्रहमनान से नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मानकों में कमी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा अभियान के दौरान गांगन तिराहा सम्भल-चंदौसी रोड स्थित मुर्गा स्लाटर यूनिट ?जेड-एच पोल्ट्री एंड सप्लायर्स? बिना लाइसेंस संचालित पाई गई। विभागीय टीम ने तत्काल कारोबार बंद कराते हुए संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि जिले में मिलावटी और बिना मानक के खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

दो दिन के विशेष अभियान में खाद्य विभाग सख्त, 7 नमूने जांच को भेजे गए, अवैध स्लाटर हाउस पर भी कार्रवाई।