नीट अभ्यर्थियों को राहत: सिटी ई-बसों में आधे किराये पर कर सकेंगे सफर

नीट अभ्यर्थियों को राहत: सिटी ई-बसों में आधे किराये पर कर सकेंगे सफर

मुरादाबाद। NEET में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा के मद्देनजर 20 और 21 जून को अभ्यर्थी शहर में संचालित सिटी ई-बसों में 50 प्रतिशत किराये की छूट के साथ सफर कर सकेंगे। इस सुविधा का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा केंद्र तक समय पर और आसानी से पहुंचाना है।

नीट परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अलग-अलग क्षेत्रों से शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि अभ्यर्थियों को दो दिनों तक सिटी ई-बसों में आधे किराये पर यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

प्रबंध निदेशक अमरीन अख्तर ने बताया कि परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को बस में यात्रा के दौरान अपना NEET एडमिट कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। एडमिट कार्ड दिखाने के बाद ही 50 प्रतिशत किराये में छूट का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि फिलहाल शहर में मुरादाबाद बस अड्डे से टीएमयू और भोजपुर मार्ग पर सिटी ई-बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

सिटी ई-बसों का निर्धारित किराया (जिस पर मिलेगी 50% छूट):

  • 0 से 6 किमी 5 रुपये
  • 6 से 10 किमी 8 रुपये
  • 10 से 14 किमी 10 रुपये
  • 14 से 19 किमी 12 रुपये
  • 19 से 24 किमी 15 रुपये
  • 24 से 30 किमी 18 रुपये
  • 30 से 36 किमी 20 रुपये
  • 36 से 42 किमी 24 रुपये

इस फैसले से नीट अभ्यर्थियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी काफी सहूलियत मिलेगी।