रोजगार मेले के तहत मुरादाबाद क्षेत्र में 15 चालक प्रथम टेस्ट में सफल, अब दिल्ली में होगा दूसरा चरण

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के मुरादाबाद क्षेत्र में आयोजित रोजगार मेले के तहत चालक भर्ती प्रक्रिया में बड़ी प्रगति देखने को मिली है। विभिन्न डिपो में आयोजित प्रथम चालक परीक्षण में कुल 15 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं, जिनका अब द्वितीय चालक टेस्ट लोनी में कराया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम चरण की परीक्षा में मुरादाबाद डिपो से 4, पीतल नगरी डिपो से 5, रामपुर डिपो से 2 तथा अमरोहा डिपो से 4 अभ्यर्थी सफल पाए गए। इस प्रकार कुल 15 चालकों ने पहले चरण की परीक्षा सफलतापूर्वक पास की है।

चालकों का प्रथम टेस्ट पीतल नगरी डिपो में आयोजित किया गया, जहां अभ्यर्थियों की ड्राइविंग क्षमता और तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया गया।

इस दौरान क्षेत्रीय सेवा प्रबंधक अनुराग यादव की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। साथ ही एआरएम और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में चयन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा कराया गया।

अधिकारियों के अनुसार प्रथम चरण में सफल सभी अभ्यर्थियों का द्वितीय चालक परीक्षण लोनी, दिल्ली में होना शेष है। दूसरे चरण में सफल होने के बाद अभ्यर्थियों को आगे की भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

परिवहन विभाग का कहना है कि रोजगार मेले के माध्यम से योग्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में यह अभियान लगातार जारी है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।