अजमेर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न, यात्री सुविधाओं को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल कार्यालय में मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक एवं समिति अध्यक्ष राजू भूतड़ा ने की। बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों, यात्री संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा रेल मंत्रालय द्वारा नामित सदस्यों ने भाग लेकर रेलवे सेवाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

बैठक की शुरुआत समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने सभी सदस्यों के स्वागत के साथ की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अजमेर मंडल में चल रही विशेष गतिविधियों, वाणिज्यिक कार्यों और हाल की उपलब्धियों की जानकारी दी।

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इनमें प्रमुख रूप से रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और विस्तार, नई ट्रेनों का संचालन, उपलब्ध रेल सेवाओं में वृद्धि, अतिरिक्त डिब्बे लगाने, लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा बढ़ाने, टिकट वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने, सड़क उपरिगामी पुल और अंडरपास निर्माण, प्लेटफॉर्म शेड का विस्तार, अतिरिक्त टिकट खिड़कियां खोलने तथा पेयजल की बेहतर व्यवस्था जैसी मांगें शामिल रहीं।

समिति अध्यक्ष राजू भूतड़ा ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में मसूदा, ब्यावर, सुमेरपुर जवाई बांध, फालना, भीलवाड़ा और उदयपुर से समिति के छह सदस्यों ने भाग लिया। इनमें आर.के. जैन, राकेश कसेरा, पवन तालेसरा, प्रमोद कुमार झंवर, ओमप्रकाश पालीवाल और श्याम अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।

रेल प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक अशोक कुमार मीणा, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है और इसके लिए सुझावों पर निरंतर काम किया जाएगा।