अजमेर-मैसूरू द्वि-साप्ताहिक ट्रेन का हरिपुर स्टेशन पर ठहराव, ब्यावर स्टेशन के समय में बदलाव

अजमेर-मैसूरू द्वि-साप्ताहिक ट्रेन का हरिपुर स्टेशन पर ठहराव, ब्यावर स्टेशन के समय में बदलाव

अजमेर,यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अजमेर-मैसूरू-अजमेर द्वि-साप्ताहिक रेल सेवा में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन को प्रायोगिक आधार पर आगामी आदेशों तक हरिपुर स्टेशन पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। साथ ही ब्यावर स्टेशन पर ट्रेन के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन भी किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 16209, अजमेर-मैसूरू द्वि-साप्ताहिक रेल सेवा 26 जून 2026 से अजमेर से प्रस्थान करने के बाद हरिपुर स्टेशन पर सुबह 7 बजकर 22 मिनट पर पहुंचेगी और 7 बजकर 24 मिनट पर रवाना होगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 16210, मैसूरू-अजमेर द्वि-साप्ताहिक रेल सेवा 23 जून 2026 से मैसूरू से चलकर हरिपुर स्टेशन पर दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी और 12 बजकर 32 मिनट पर प्रस्थान करेगी।

रेलवे प्रशासन ने इसके साथ ही ब्यावर स्टेशन पर भी समय में बदलाव किया है। गाड़ी संख्या 16209, अजमेर-मैसूरू रेल सेवा अब ब्यावर स्टेशन पर सुबह 6 बजकर 53 मिनट पर पहुंचेगी और 6 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी।

वहीं गाड़ी संख्या 16210, मैसूरू-अजमेर रेल सेवा ब्यावर स्टेशन पर दोपहर 12 बजकर 58 मिनट पर पहुंचेगी और 1 बजे प्रस्थान करेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह बदलाव यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किया गया है। हरिपुर स्टेशन पर ठहराव मिलने से स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।