री-नीट परीक्षा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे की बड़ी सौगात, 7 विशेष ट्रेनों का होगा संचालन

री-नीट परीक्षा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे की बड़ी सौगात, 7 विशेष ट्रेनों का होगा संचालन

जयपुर। री-नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 20 और 21 जून को 7 विशेष रेल सेवाओं के संचालन की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित, सुगम और समय पर पहुंचाना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए अलग-अलग मार्गों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा ताकि छात्रों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इन विशेष ट्रेनों में रेवाड़ी-बठिंडा, बाड़मेर-भगत की कोठी, भगत की कोठी-जयपुर, मदार-रेवाड़ी, रेवाड़ी-जयपुर, जोधपुर-सांगानेर और बीकानेर-ढेहर का बालाजी मार्ग शामिल हैं। ट्रेनों को परीक्षा समय के अनुसार चलाया जाएगा ताकि अभ्यर्थी आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि अधिकांश ट्रेनों में साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए हैं, जबकि कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों में प्रथम एसी, द्वितीय एसी, तृतीय एसी, शयनयान, सामान्य श्रेणी, गार्ड और पावरकार कोच की व्यवस्था भी की गई है। अलग-अलग ट्रेनों में 10 से लेकर 22 डिब्बों तक लगाए जाएंगे।

इन ट्रेनों का ठहराव कई प्रमुख स्टेशनों जैसे जयपुर, जोधपुर, रेवाड़ी, बीकानेर और बठिंडा सहित अन्य स्टेशनों पर रहेगा।

रेलवे का कहना है कि परीक्षार्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से हजारों छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित हो सकेगी। यह पहल अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।