यात्रियों को राहत: स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव समय बढ़ा, अब 5 मिनट रुकेगी ट्रेन

यात्रियों को राहत: स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव समय बढ़ा, अब 5 मिनट रुकेगी ट्रेन

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शकूरबस्ती-जैसलमेर-शकूरबस्ती स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस के दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर ठहराव समय बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन पहले के मुकाबले अधिक समय तक स्टेशन पर रुकेगी, जिससे यात्रियों को चढ़ने और उतरने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रेलसेवा का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव समय पहले 2 मिनट था, जिसे बढ़ाकर अब 5 मिनट कर दिया गया है। यह नई व्यवस्था आगामी निर्धारित तिथियों से लागू होगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 12249 शकूरबस्ती-जैसलमेर स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस, जो 19 जून 2026 से शकूरबस्ती से रवाना होगी, वह अब दिल्ली कैंट स्टेशन पर शाम 5 बजकर 54 मिनट पर पहुंचेगी और 5 बजकर 59 मिनट पर प्रस्थान करेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12250 जैसलमेर-शकूरबस्ती स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस, जो 18 जून 2026 से जैसलमेर से चलेगी, वह दिल्ली कैंट स्टेशन पर सुबह 8 बजकर 36 मिनट पर पहुंचेगी और 8 बजकर 41 मिनट पर रवाना होगी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव यात्रियों की सुविधा और बेहतर परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किया गया है। ठहराव समय बढ़ने से खासतौर पर दिल्ली कैंट स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा और ट्रेन में चढ़ने-उतरने की प्रक्रिया अधिक सुगम हो सकेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।