चुनार-चोपन रेलखंड पर बड़ी उपलब्धि, समपार फाटक संख्या-19 पर रोड ओवर ब्रिज के लिए लगाए गए स्टील गर्डर

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल ने रेल और सड़क यातायात को अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में चुनार-चोपन रेलखंड पर लूसा के पास स्थित समपार फाटक संख्या-19 पर निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के रेलवे हिस्से पर स्टील गर्डरों की सफल लॉन्चिंग का कार्य पूरा कर लिया गया।

यह निर्माणाधीन आरओबी कुल 585 मीटर लंबा है, जिसमें रेलवे हिस्से की लंबाई 36 मीटर और चौड़ाई 7.5 मीटर निर्धारित की गई है। इस परियोजना के पूरा होने से चुनार नगर को राज्य राजमार्ग-35 (मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग) से बेहतर और निर्बाध संपर्क मिलेगा। साथ ही समपार फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और सड़क व रेल दोनों यातायात की सुरक्षा में बड़ा सुधार होगा।

निर्माण कार्य के दौरान आधुनिक तकनीकों और सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया। विशाल क्रेनों की मदद से स्टील गर्डरों को निर्धारित स्थान पर स्थापित किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य रेलवे और निर्माण एजेंसियों के बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।

इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में उप मुख्य अभियंता (ब्रिज/लाइन) आई.पी.एस. यादव, सहायक कार्यकारी अभियंता लाल बहादुर और ब्रिज लाइन टीम की विशेष भूमिका रही। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से निर्धारित समयसीमा के भीतर इस अहम चरण को पूरा किया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रोड ओवर ब्रिज के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों, व्यापारिक गतिविधियों और यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास के साथ-साथ बेहतर यातायात अवसंरचना को भी नई मजबूती देगी।