प्रयागराज से मुंबई और गुजरात के यात्रियों को बड़ी सौगात, रेलवे ने शुरू कीं नई ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें

प्रयागराज से मुंबई और गुजरात के यात्रियों को बड़ी सौगात, रेलवे ने शुरू कीं नई ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें

प्रयागराज। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और गर्मी की छुट्टियों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए प्रयागराज (सूबेदारगंज) से गुजरात और मुंबई के लिए नई ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इसके साथ ही प्रयागराज-दादरी विशेष ट्रेन में अतिरिक्त कोच जोड़कर सीटों की उपलब्धता भी बढ़ाई गई है।

सूबेदारगंज-वलसाड के बीच चलेगी साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन

रेल प्रशासन द्वारा गाड़ी संख्या 04177/04178 सूबेदारगंज-वलसाड-सूबेदारगंज साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 16 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को सूबेदारगंज से तथा 17 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रत्येक बुधवार को वलसाड से संचालित होगी।

यह ट्रेन कुल 5 फेरों में चलेगी। ट्रेन में 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआर/डी, 8 सामान्य, 8 स्लीपर और 1 एसी तृतीय श्रेणी कोच शामिल हैं।

यह विशेष ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, आगरा इदगाह, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, नागदा, रतलाम, गोधरा, छायापुरी और सूरत जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे यात्रियों को गुजरात के वलसाड क्षेत्र तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

अब प्रयागराज से मुंबई का सफर और आसान, दादर के लिए नई सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 04175/04176 सूबेदारगंज-दादर साप्ताहिक सुपरफास्ट ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन शुरू करने की घोषणा की है।

यह ट्रेन 23 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रत्येक रविवार को सूबेदारगंज से रवाना होगी, जबकि दादर से यह सेवा मंगलवार को संचालित होगी। कुल 4 फेरे सूबेदारगंज से और 3 फेरे दादर से संचालित किए जाएंगे।

इस ट्रेन में 22 कोच होंगे, जिनमें 1 एसएलआर, 1 एसएलआर/डी, 5 सामान्य, 8 स्लीपर, 6 एसी तृतीय और 1 एसी द्वितीय श्रेणी कोच शामिल हैं।

यह ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, आगरा इदगाह, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, नागदा, रतलाम, गोधरा, छायापुरी, सूरत, वापी, बोरीवली होते हुए मुंबई के दादर स्टेशन तक पहुंचेगी।

इस नई सेवा से प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई जाने के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा।

प्रयागराज-दादरी विशेष ट्रेन में बढ़ेगी सीटें

रेल प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए गाड़ी संख्या 02417/02418 प्रयागराज-दादरी-प्रयागराज विशेष ट्रेन की कोच संरचना में भी बदलाव करने का निर्णय लिया है।

15 जून 2026 से 31 अगस्त 2026 तक प्रयागराज से चलने वाली 02417 ट्रेन तथा 16 जून 2026 से 1 सितंबर 2026 तक दादरी से चलने वाली 02418 ट्रेन में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा।

पहले इस ट्रेन में 20 कोच थे, जिसे बढ़ाकर 21 कोच कर दिया गया है। संशोधित संरचना में 2 एसएलआर/डी, 5 सामान्य, 10 स्लीपर, 3 एसी तृतीय और 1 एसी प्रथम सह द्वितीय श्रेणी कोच शामिल होंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त कोच व्यवस्था से गर्मियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।