मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 30 हजार भक्तों ने किए दर्शन

मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 30 हजार भक्तों ने किए दर्शन

श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगातार बनी हुई है। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बावजूद गुरुवार को शाम 5 बजे तक करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराकर माता के दरबार के लिए प्रस्थान किया।

सुबह के समय कटड़ा में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन दोपहर बाद धूप निकलने से गर्मी बढ़ गई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। माता के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु भैरव बाबा मंदिर पहुंचकर अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, सीआरपीएफ, आपदा प्रबंधन दल और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारी पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए जगह-जगह पेयजल केंद्र स्थापित किए गए हैं।

यात्रा को सुगम बनाने के लिए हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं लगातार जारी हैं। श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही से कटड़ा के बाजारों में भी रौनक बनी हुई है।