दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल में योग जागरूकता संगोष्ठी आयोजित, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल में योग जागरूकता संगोष्ठी आयोजित, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर

नागपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में गुरुवार को योग जागरूकता एवं प्रसार गतिविधि विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्मिक विभाग द्वारा गुंजन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेल कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

संगोष्ठी में आर्ट ऑफ लिविंग और भारत सरकार के आयुष मंत्रालय से प्रमाणित योग प्रशिक्षक तथा क्षेत्रीय निदेशक मिलिंद गुप्ता ने योग के महत्व, उसके वैज्ञानिक आधार और दैनिक जीवन में उसके व्यावहारिक उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान न केवल तनाव को कम करते हैं बल्कि कार्यक्षमता, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञ द्वारा विभिन्न योगासन और प्राणायाम की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित यह संगोष्ठी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक और सार्थक पहल साबित हुई।