दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी उपलब्धि, रसमड़ा में रिकॉर्ड समय में नई गुड्स शेड लाइन का सफल कमीशनिंग कार्य पूरा

रेल अवसंरचना विकास के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर नई गुड्स शेड लाइन के कमीशनिंग कार्य को रिकॉर्ड समय में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह उपलब्धि रेलवे की माल परिवहन क्षमता को नई गति देने के साथ भविष्य की आधारभूत संरचना परियोजनाओं को भी मजबूती प्रदान करेगी।

यह कार्य तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन तथा दीपक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गति शक्ति यूनिट नागपुर और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से पूरा किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस चुनौतीपूर्ण परियोजना को सुरक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता के उच्चतम मानकों के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

इस उपलब्धि की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि प्री-नॉन इंटरलॉकिंग चरण में केवल 6 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान 10 प्वाइंट्स और क्रॉसिंग का सफल इंसर्शन तथा 2 प्वाइंट्स और क्रॉसिंग का डिस्मेंटलिंग किया गया। इसके बाद नॉन इंटरलॉकिंग कार्य भी मात्र 12 घंटे में पूरा कर पूरी परियोजना का कमीशनिंग निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न कर लिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने इस सफलता पर गति शक्ति यूनिट नागपुर और कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित समय में इस जटिल तकनीकी कार्य को पूरा करना उत्कृष्ट योजना, बेहतर समन्वय, तकनीकी दक्षता और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।

रेलवे के अनुसार रसमड़ा में नई गुड्स शेड लाइन शुरू होने के बाद वर्तमान में दुर्ग रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संचालित माल लदान और माल ढुलाई गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरित किया जा सकेगा। इससे दुर्ग स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन पुनर्विकास और आधुनिक अधोसंरचना विकास कार्यों को और तेजी मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना की सफलता में गति शक्ति यूनिट नागपुर, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग, विद्युत परियोजना और अन्य विभागों के कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत कर बेहतरीन टीमवर्क और कार्यनिष्ठा का परिचय दिया। यह उपलब्धि भारतीय रेल की तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल संरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता का मजबूत उदाहरण मानी जा रही है।