नागपुर मंडल में द्वितीय तिमाही पेंशन अदालत का आयोजन, 28 मामलों पर हुई सुनवाई, 18 का मौके पर निस्तारण

नागपुर मंडल में द्वितीय तिमाही पेंशन अदालत का आयोजन, 28 मामलों पर हुई सुनवाई, 18 का मौके पर निस्तारण

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में 15 जून 2026 को द्वितीय तिमाही पेंशन अदालत का सफल आयोजन किया गया। यह पेंशन अदालत मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और उनके आश्रितों की पेंशन संबंधी समस्याओं पर विस्तार से सुनवाई की गई।

इस दौरान रेलवे प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्वेता एच.के. छोरिया, सहायक कार्मिक अधिकारी राजेश प्रसाद तथा सहायक मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार सिन्हा मौजूद रहे। वहीं पेंशनभोगी संघ की ओर से अध्यक्ष डी.एन. मूर्ति, महासचिव बासुदेव सहित कई पेंशनभोगी और शिकायतकर्ता भी अदालत में उपस्थित रहे।

पेंशन अदालत के दौरान पेंशन, पारिवारिक पेंशन, सेवानिवृत्ति लाभ और अन्य लंबित प्रकरणों से जुड़े कुल 28 मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें से 18 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवानिवृत्त रेलकर्मी रेलवे परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध तथा संवेदनशील समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों के निस्तारण में विशेष तत्परता बरती जाए ताकि पेंशनभोगियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नागपुर मंडल द्वारा आयोजित यह पेंशन अदालत सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह की व्यवस्थाएं जारी रखी जाएंगी ताकि पेंशनभोगियों को समय पर राहत मिल सके।