मण्डावरिया-किशनगढ़ रेलखंड पर तकनीकी कार्य, कई ट्रेनें रहेंगी रद्द और प्रभावित

मण्डावरिया-किशनगढ़ रेलखंड पर तकनीकी कार्य, कई ट्रेनें रहेंगी रद्द और प्रभावित

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में मण्डावरिया और किशनगढ़ स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 292 पर आरसीसी बॉक्स रिप्लेसमेंट का तकनीकी कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते कई रेल सेवाएं रद्द, आंशिक रूप से रद्द, मार्ग परिवर्तित, रेगुलेट और रीशेड्यूल की गई हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस तकनीकी कार्य के कारण 25 और 26 अक्टूबर 2026 को कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।

पूरी तरह रद्द की गई ट्रेनों में जयपुर-मारवाड़, मारवाड़-जयपुर, अजमेर-सियालदह, सियालदह-अजमेर, दौराई-गोड्डा और गोड्डा-दौराई रेल सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा जम्मूतवी-अजमेर, अजमेर-जम्मूतवी, आगरा फोर्ट-अजमेर, नई दिल्ली-दौराई, उदयपुर सिटी-जयपुर, जबलपुर-अजमेर, जयपुर-हैदराबाद समेत कई ट्रेनें अपने मार्ग के कुछ हिस्सों तक ही संचालित होंगी।

रेलवे के अनुसार कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। श्रीगंगानगर-बांद्रा टर्मिनस, काठगोदाम-जैसलमेर, वाराणसी-साबरमती, पोरबंदर-दिल्ली सराय, जैसलमेर-काठगोदाम, चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस और गांधीनगर कैपिटल-दौलतपुर चौक जैसी ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी। इन ट्रेनों का कई स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव रहेगा, जबकि कुछ निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।

इसके अलावा बरेली-भुज एक्सप्रेस को मार्ग में 10 मिनट तक रेगुलेट किया जाएगा। वहीं मदार-रेवाड़ी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 2 घंटे 10 मिनट देरी से रवाना होगी, जबकि अजमेर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 2 घंटे विलंब से प्रस्थान करेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। यह कार्य रेलवे संरचना को मजबूत करने और भविष्य में सुरक्षित एवं बेहतर रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।