पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने पालनपुर-सामाख्याली रेलखंड का किया गहन निरीक्षण, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने पालनपुर-सामाख्याली रेलखंड का किया गहन निरीक्षण, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने बुधवार 17 जून 2026 को अहमदाबाद मंडल के पालनपुर-सामाख्याली रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस उच्च स्तरीय निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना, चल रहे आधारभूत ढांचा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा स्टेशनों पर यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेना रहा। इस दौरान अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश, मुख्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण की शुरुआत न्यू पालनपुर रेलवे स्टेशन से हुई, जहां महाप्रबंधक ने क्रू लॉबी और रनिंग रूम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्थापित क्रू मैनेजमेंट सिस्टम की कार्यप्रणाली को देखा और ड्यूटी पर तैनात लोको पायलटों तथा गार्डों से सीधे बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। कर्मचारियों ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताया। इसके अलावा उन्होंने बेस किचन, शौचालय और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे पालनपुर रेलवे स्टेशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालय, खाद्य स्टॉल, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म, अंडरपास और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को बेहतर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रेल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रामाश्रय पाण्डेय ने पालनपुर से सामाख्याली के बीच रेलवे ट्रैक, लेवल क्रॉसिंग, छोटे-बड़े पुल, पॉइंट्स, रेलवे कर्व्स और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से पूरे सेक्शन में सुरक्षा मानकों की जांच की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने भीलड़ी रेलवे स्टेशन का दौरा कर स्टेशन पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, रनिंग रूम और क्रू लॉबी की प्रगति की समीक्षा की। यहां भी उन्होंने रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की।

महाप्रबंधक ने लाकड़िया रेलवे स्टेशन पर रूट रिले इंटरलॉकिंग कक्ष, स्टेशन मास्टर केबिन, बुकिंग काउंटर, फुट ओवर ब्रिज, दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण और प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर संभव सुधार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

दौरे के अंतिम चरण में उन्होंने अहमदाबाद मंडल के पहले पुनर्विकसित सामाख्याली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्टेशन की यात्री सुविधाओं, प्रतीक्षालय, फूड स्टॉल, मास्टर केबिन, बुकिंग काउंटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही रेलवे कॉलोनी में उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

इस दौरान महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने क्षेत्र के नमक व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी की। बैठक में माल ढुलाई बढ़ाने और रेल परिवहन को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि पश्चिम रेलवे ने वर्ष 2029-30 तक 200 मिलियन टन माल लदान का लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि अहमदाबाद मंडल को चालू वित्तीय वर्ष में अतिरिक्त 4 मिलियन टन माल लोडिंग का लक्ष्य दिया गया है। व्यापारियों ने रेलवे अधिकारियों के सहयोग की सराहना की और नमक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए सुझाव भी दिए।

यह निरीक्षण पश्चिम रेलवे की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसमें रेलवे सुरक्षा, यात्री सुविधाएं, आधारभूत संरचना विकास और माल परिवहन क्षमता को लगातार मजबूत करने की दिशा में तेज़ी से काम किया जा रहा है।