जम्मू मंडल में राजभाषा हिन्दी को बढ़ावा देने पर जोर, तिमाही राजभाषा समिति की बैठक संपन्न

जम्मू मंडल में राजभाषा हिन्दी को बढ़ावा देने पर जोर, तिमाही राजभाषा समिति की बैठक संपन्न

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने और कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक का आयोजन बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जम्मू के सभागार में किया गया। बैठक में रेलवे अधिकारियों ने हिन्दी के अधिकतम उपयोग और राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने की। इस दौरान मंडल के सभी शाखा अधिकारी, मुख्य कार्यालय अधीक्षक तथा सीनियर डीईएन शुभम पवार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यालयों में हिन्दी के प्रयोग को और अधिक बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजभाषा हिन्दी के क्षेत्र में अभी और बेहतर काम करने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान केवल तकनीकी कार्यों तक सीमित न रहें बल्कि राजभाषा की प्रगति की भी समीक्षा करें और अपनी रिपोर्ट में उसका उल्लेख अवश्य करें। उन्होंने कहा कि फाइलों और सरकारी दस्तावेजों में कठिन शब्दों के बजाय सरल और सहज हिन्दी का उपयोग किया जाना चाहिए ताकि आम लोग भी उसे आसानी से समझ सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ?क? क्षेत्र में द्विभाषी व्यवस्था तथा ?ख? और ?ग? क्षेत्र में त्रिभाषी व्यवस्था का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे राजभाषा नीति का सही तरीके से पालन हो सके।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी अक्षय कुमार मरन्टू ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि यदि अधिकारी स्वयं हिन्दी में कार्य करेंगे तो अन्य कर्मचारी भी उससे प्रेरणा लेकर हिन्दी का अधिक प्रयोग करेंगे। उन्होंने प्रत्येक विभागाध्यक्ष से अपने-अपने विभागों में हिन्दी कार्यों की नियमित मासिक समीक्षा करने का भी आग्रह किया।

जम्मू मंडल की यह पहल स्पष्ट करती है कि रेलवे प्रशासन राजभाषा हिन्दी को सरकारी कार्यों में मजबूत स्थान दिलाने और आम नागरिकों तक सरल भाषा में सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार गंभीर प्रयास कर रहा है।