ट्रैक्टर माल ढुलाई में फिरोजपुर रेल मंडल की बड़ी छलांग, दो माह में 52 रेक लोडिंग दर्ज

फिरोजपुर रेल मंडल ने ट्रैक्टर माल ढुलाई में बनाया नया रिकॉर्ड, दो माह में 52 रेक लोडिंग

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर प्रयासों के चलते अप्रैल और मई 2026 के दौरान ट्रैक्टरों की 52 रेक लोडिंग दर्ज की गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 47 रेक लोडिंग की तुलना में लगभग 10.6 प्रतिशत अधिक है। ट्रैक्टर माल ढुलाई में हुई इस वृद्धि से न केवल मंडल के माल परिवहन कारोबार को मजबूती मिली है, बल्कि रेलवे के राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मंडल प्रशासन का कहना है कि विभिन्न उद्योगों, व्यापारिक संगठनों और अन्य हितधारकों के साथ नियमित बैठकों तथा बेहतर समन्वय की बदौलत यह सफलता संभव हो सकी है। रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही किफायती, समयबद्ध और ?डोर-टू-डोर? माल परिवहन सेवाओं ने व्यापारियों और ग्राहकों का विश्वास और अधिक मजबूत किया है।

फिरोजपुर रेल मंडल की यह उपलब्धि उसकी कुशल कार्यप्रणाली, बेहतर समन्वय और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं का परिणाम मानी जा रही है। मंडल प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी माल ढुलाई को बढ़ावा देने और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।