हरदोई में शाहाबाद नगर पालिका के ईओ के.के. सोनकर दो लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई, जाल बिछाकर पकड़ा

हरदोई। शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी के.के. सोनकर को सोमवार दोपहर एंटी करप्शन टीम ने एक ठेकेदार से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई दोपहर करीब 2:30 बजे उनके सरकारी आवास पर की गई। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम उन्हें अपने साथ लखनऊ लेकर रवाना हो गई।
बताया जा रहा है कि हरदोई के एक ठेकेदार स्वदेश गुप्ता से किसी कार्य के एवज में अधिशासी अधिकारी के.के. सोनकर द्वारा दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया। सोमवार को ठेकेदार मोबाइल पर बातचीत करने के बाद निर्धारित समय पर दो लाख रुपये लेकर ईओ के आवास पहुंचा। जैसे ही उसने रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने छापेमारी कर ईओ को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान ईओ के.के. सोनकर ने बेहोशी आने का नाटक कर टीम को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन एंटी करप्शन अधिकारियों ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर लखनऊ के लिए रवाना कर दिया।
इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद शाहाबाद में हड़कंप मच गया। शुरुआत में लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही और इसे पूर्व में चर्चित एक आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारी से जुड़े मामले से भी जोड़कर देखा गया, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोरी के आरोप में यह कार्रवाई की है।