यूपीपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए रेलवे की बड़ी पहल, प्रयागराज मंडल ने चलाईं एग्जाम स्पेशल ट्रेनें

यूपीपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए रेलवे की बड़ी पहल, प्रयागराज मंडल ने चलाईं एग्जाम स्पेशल ट्रेनें

हजारों परीक्षार्थियों को मिली राहत, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के किए गए विशेष इंतजाम

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) लेक्चरर भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने रविवार को विशेष व्यवस्था करते हुए एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। इन विशेष ट्रेनों के जरिए हजारों परीक्षार्थियों को समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद मिली।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष प्रबंधन किया गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रेलवे प्रशासन ने मंडल स्तर पर बनाए गए विशेष वार रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण और यात्री संचालन व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी।

अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को प्रमुख स्टेशनों पर तैनात किया गया। वहीं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने यात्रियों को मार्गदर्शन दिया तथा हेल्प डेस्क और टिकट जांच स्टाफ ने आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराईं।

भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए रेलवे ने पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार जरूरी जानकारी दी जाती रही, जिससे स्टेशन परिसर में व्यवस्था सुचारु बनी रही।

कानपुर सेंट्रल से चलाई गई विशेष ट्रेनों में कानपुर सेंट्रल?झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन दोपहर 12 बजकर 38 मिनट पर रवाना हुई, जिसमें करीब 1200 यात्री सवार थे। वहीं कानपुर सेंट्रल?प्रयागराज जंक्शन एग्जाम स्पेशल ट्रेन दोपहर 1 बजकर 7 मिनट पर रवाना हुई, जिसमें लगभग 1400 यात्री सफर कर रहे थे।

रेलवे के इन विशेष इंतजामों और सफल संचालन से हजारों परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और तनावमुक्त यात्रा का लाभ मिला। रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों और परीक्षार्थियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।