मोबाइल वीडियो वैन से रेल सुरक्षा का संदेश, प्रयागराज मंडल का जागरूकता अभियान तेज

मोबाइल वीडियो वैन से रेल सुरक्षा का संदेश, प्रयागराज मंडल का जागरूकता अभियान तेज

कानपुर। रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा मोबाइल वीडियो वैन के माध्यम से विशेष रेल सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में संरक्षा एवं सुरक्षा विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल संयुक्त रूप से यह अभियान संचालित कर रहे हैं।

सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कानपुर सेंट्रल की ओर से सरसौल, रूमा, चकरी, चंदारी और कानपुर रेलवे स्टेशन समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा गेट संख्या-75, गेट संख्या-2, गेट संख्या-3, पार्सल एरिया और सर्कुलेटिंग एरिया में भी लोगों को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

मोबाइल वीडियो वैन के जरिए यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को रेल सुरक्षा संबंधी वीडियो संदेश, लघु फिल्में और जागरूकता सामग्री दिखाई गई। साथ ही ई-पम्पलेट्स वितरित किए गए तथा लाउडहेलर के माध्यम से महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश प्रसारित किए गए।

अभियान के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से चलने, रेलवे लाइन पार करने, बंद फाटक को लांघने, चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंकने और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी खतरनाक गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि रेल सुरक्षा नियमों का पालन कर न केवल स्वयं की बल्कि अन्य यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।

प्रयागराज मंडल प्रशासन ने आमजन से रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित रेलवे संचालन में सहयोग देने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता और निरंतर जागरूकता से रेल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।