अहमदाबाद के विकास को मिली नई रफ्तार, रेलवे और जनप्रतिनिधियों की बड़ी बैठक में कई अहम परियोजनाओं पर बनी सहमति

अहमदाबाद शहर के समग्र विकास, रेलवे अधोसंरचना को मजबूत करने और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार 12 जून 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में हुई, जिसमें अहमदाबाद के जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने शहर के भविष्य से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट, अहमदाबाद पश्चिम के सांसद दिनेश मकवाना, स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन कमलेश पटेल, दरियापुर विधायक कौशिक जैन तथा मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश मौजूद रहे।

बैठक के दौरान रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, नई रेल लाइनों के विस्तार, रेलवे ओवर ब्रिज (ROB), रोड अंडर ब्रिज (RUB), लेवल क्रॉसिंग समाप्त करने और ?फाटक मुक्त भारत? अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने पर व्यापक चर्चा हुई। तेजी से विकसित हो रहे अहमदाबाद शहर की जरूरतों को देखते हुए सुरक्षित और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

महापौर हितेश बारोट ने आंबली रोड स्टेशन के आसपास रेलवे भूमि के बेहतर उपयोग और क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास की योजनाएं तैयार करने का सुझाव दिया। वहीं कमलेश पटेल ने मणिनगर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 308 पर प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज को जल्द पूरा करने की आवश्यकता बताई। विधायक कौशिक जैन ने अहमदाबाद स्टेशन के आसपास उपलब्ध रेलवे भूमि का ऐसा विकास करने की बात कही जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारिक गतिविधियों को अधिक लाभ मिल सके।

सांसद दिनेश मकवाना ने अपने संसदीय क्षेत्र की अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाते हुए रेलवे परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने ओम नगर फाटक पर रोड अंडर ब्रिज निर्माण को शीघ्र पूरा कराने के लिए हर संभव सहयोग देने की बात कही।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बैठक में कई बड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि असारवा स्टेशन पर चमनपुरा साइड में दूसरा प्रवेश द्वार विकसित करने, चामुंडा ब्रिज से बेहतर संपर्क व्यवस्था बनाने और प्लेटफॉर्म विस्तार की योजना पर विचार किया जा रहा है। भविष्य में इसे देश के सबसे लंबे प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय रेलवे का सबसे बड़ा 100 लाइनों वाला कोचिंग डिपो वटवा क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा गोरा-घूमा रोड अंडर ब्रिज को जल्द ही जनता को समर्पित करने को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनु त्यागी ने प्रस्तुतीकरण के जरिए अहमदाबाद मंडल की उपलब्धियों और चल रही महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अहमदाबाद मंडल भारतीय रेल के अंतर्गत पश्चिम रेलवे का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला मंडल बनकर उभरा है। मंडल ने पश्चिम रेलवे के कुल माल लदान में लगभग 49 प्रतिशत और माल राजस्व अर्जन में 48.17 प्रतिशत का योगदान दिया है। पूरे देश में माल लदान के मामले में यह आठवें और माल राजस्व अर्जन में सातवें स्थान पर रहा।

बैठक में अहमदाबाद स्टेशन पुनर्विकास परियोजना, मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब और प्रस्तावित एलीवेटेड रोड नेटवर्क पर भी जानकारी साझा की गई। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि अहमदाबाद स्टेशन का नया दक्षिण स्टेशन भवन अगले वर्ष अप्रैल तक यात्रियों के लिए शुरू किए जाने की संभावना है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं और स्टेशन तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।

यह बैठक अहमदाबाद को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधाओं से लैस करने की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम मानी जा रही है।