अहमदाबाद मंडल में अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस मनाया गया

अहमदाबाद मंडल में अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस मनाया गया

समपार फाटकों पर नुक्कड़ नाटक, बैनर और पम्पलेट के जरिए लोगों को किया जागरूक

रेलवे ने सुरक्षित तरीके से फाटक पार करने की अपील की

अहमदाबाद। रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 7 से 9 जून 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस (आईएलसीएडी) के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। तीन दिवसीय इस विशेष अभियान का उद्देश्य नागरिकों और वाहन चालकों को रेलवे समपार फाटकों को सुरक्षित ढंग से पार करने के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना था।

अभियान के दौरान संरक्षा विभाग के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी और संरक्षा सलाहकारों के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों ने कई समपार फाटकों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। 7 जून को असरवा?हिम्मतनगर खंड के समपार फाटक संख्या 6 और 10, 8 जून को अहमदाबाद?गेरतपुर खंड के फाटक संख्या 305 और 308 तथा 9 जून को अहमदाबाद?पालनपुर खंड के फाटक संख्या 240 एवं अहमदाबाद?वीरमगाम खंड के फाटक संख्या 7 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान आम नागरिकों और वाहन चालकों को समपार फाटकों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने, फाटक बंद होने पर प्रतीक्षा करने तथा जल्दबाजी से बचने की सलाह दी गई। लोगों को सुरक्षा संबंधी संदेशों वाले बैनर और हैंड पम्पलेट वितरित किए गए। साथ ही, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से समपार फाटकों पर लापरवाही के दुष्परिणाम और सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया।

अभियान में संरक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त अहमदाबाद मंडल के सभी रेलखंडों में संबंधित खंड अभियंताओं और यातायात निरीक्षकों द्वारा भी समपार फाटकों पर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने नागरिकों से अपील की है कि वे रेलवे समपार फाटकों को पार करते समय निर्धारित नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।