फिरोजपुर रेल मंडल की अनोखी पहल, अमृतसर से मुंबई के लिए पहली बार चेरी की विशेष पार्सल सेवा रवाना

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए अपने इतिहास में पहली बार 11 जून 2026 को अमृतसर से मुंबई के लिए चेरी फल की विशेष वी.पी. (वाहन पार्सल) सेवा शुरू की है। यह पहल मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में की गई।

जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12904 के माध्यम से अमृतसर रेलवे स्टेशन से चेरी की खेप को बांद्रा टर्मिनस के लिए रवाना किया गया। रेलवे द्वारा यह कदम चेरी जैसे नाशवान फलों के परिवहन को सड़क मार्ग से रेल मार्ग की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार व्यापारियों और ग्राहकों के साथ लगातार संवाद तथा बेहतर समन्वय के कारण यह संभव हो सका है। यह पहल न केवल व्यापारियों के बीच रेलवे की विश्वसनीय और किफायती माल परिवहन सेवाओं के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाती है, बल्कि नाशवान वस्तुओं के लिए रेल परिवहन को एक बेहतर विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप सुरक्षित, तेज, समयबद्ध और पर्यावरण अनुकूल माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। साथ ही माल यातायात को बढ़ाने के लिए नई संभावनाओं पर भी लगातार काम किया जा रहा है।

रेलवे की इस पहल को माल परिवहन क्षेत्र में एक नई शुरुआत माना जा रहा है, जिससे भविष्य में फल एवं अन्य नाशवान वस्तुओं के रेल परिवहन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।