फिरोजपुर मंडल की पहल से 12.97 टन चेरी देश के बड़े बाजारों तक पहुंची, उत्पादकों को मिल रहा बेहतर दाम

रेल की रफ्तार से देश के बाजारों तक पहुंच रही कश्मीर की लाल-सुर्ख चेरी, फिरोजपुर मंडल बना उत्पादकों का सहारा

अमृतसर। कश्मीर की मशहूर लाल-सुर्ख और रसीली चेरी अब रेल की तेज रफ्तार के सहारे देश के बड़े बाजारों तक पहुंच रही है। चेरी उत्पादकों के लिए राहत भरी खबर यह है कि उनकी उपज अब कम समय में मुंबई, वडोदरा और सूरत जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंचाई जा रही है। इस पूरी व्यवस्था में उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जबकि अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पार्सल लोडिंग और संचालन की विशेष व्यवस्था की गई है।

मई 2026 के दौरान अमृतसर रेलवे स्टेशन से लगभग 12.97 टन प्रीमियम गुणवत्ता की चेरी पार्सल-एसएलआर सेवा के माध्यम से विभिन्न शहरों के लिए भेजी गई। इस अवधि में करीब 1157 बॉक्स चेरी मुंबई, वडोदरा और सूरत के बाजारों तक पहुंचाई गई है।

रेलवे द्वारा यह सेवा ट्रेन संख्या 12926 पश्चिम सुपरफास्ट एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 12904 गोल्डन टेम्पल मेल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। चेरी जैसे जल्दी खराब होने वाले फलों के लिए समय पर परिवहन सबसे बड़ी चुनौती होती है, जिसे ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर मंडल ने विशेष लॉजिस्टिक व्यवस्था सुनिश्चित की है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार पार्सल-एसएलआर सेवा के जरिए चेरी अमृतसर से लगभग 29 घंटे में वडोदरा और सूरत तथा करीब 31 घंटे में बांद्रा पहुंच रही है। इससे फल की ताजगी और गुणवत्ता बरकरार रहती है तथा उपभोक्ताओं को ताजा चेरी उपलब्ध हो रही है।

मंडल रेल प्रबंधक फिरोजपुर संजीव कुमार ने बताया कि चेरी उत्पादकों को बेहतर और निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चेरी सीजन को देखते हुए पर्याप्त पार्सल-एसएलआर क्षमता और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। व्यापारियों की मांग के अनुरूप नियमित ट्रेनों में उपलब्ध एसएलआर कोचों के माध्यम से चेरी की ढुलाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से जम्मू-कश्मीर के चेरी उत्पादकों को कम लागत में अपनी उपज देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है।

फिरोजपुर मंडल की यह तेज, सुरक्षित और समयबद्ध पार्सल सेवा न केवल कृषि उत्पादों के परिवहन को नई गति दे रही है, बल्कि किसानों और व्यापारियों के लिए भी लाभकारी साबित हो रही है।