दिवा स्टेशन पर मेगा ब्लॉक, मुंबई लोकल सेवाएं प्रभावित; कई ट्रेनें रद्द, कई शॉर्ट टर्मिनेट और डायवर्ट रहेंगी

मुंबई। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मध्य रेल ने 13/14 जून 2026 की मध्यरात्रि को दिवा रेलवे स्टेशन पर विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक घोषित किया है। यह ब्लॉक नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए लिया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ब्लॉक 14 जून की रात 1:20 बजे से सुबह 5:40 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान कलवा से डोंबिवली के बीच अप और डाउन स्लो तथा फास्ट लाइन पर रेल संचालन प्रभावित रहेगा। सबसे बड़ा असर मुंबई उपनगरीय लोकल सेवाओं पर पड़ेगा, जहां ब्लॉक अवधि के दौरान ठाणे रेलवे स्टेशन और कल्याण जंक्शन के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।

रेलवे ने बताया कि कई लोकल ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई सेवाओं को कुर्ला, ठाणे और परेल स्टेशन तक सीमित किया जाएगा। कुछ लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित स्टेशन के बजाय बीच रास्ते से ही शुरू होंगी। इसके अलावा अप स्लो लाइन की कुछ ट्रेनें कल्याण से ठाणे के बीच फास्ट लाइन पर डायवर्ट की जाएंगी, जिससे यात्रियों को 10 से 15 मिनट की अतिरिक्त देरी का सामना करना पड़ सकता है।

मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ेगा। ट्रेन संख्या 11020 भुवनेश्वर?सीएसएमटी कोणार्क एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 12810 हावड़ा?सीएसएमटी एक्सप्रेस को कल्याण और ठाणे के बीच छठी लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा, जिससे ये ट्रेनें अपने गंतव्य पर लगभग 15 से 20 मिनट देरी से पहुंचेंगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह ब्लॉक यात्रियों की सुरक्षा, स्टेशन पर बेहतर सुविधाओं के विकास और भविष्य के सुचारू रेल संचालन के लिए अत्यंत आवश्यक है।

डॉ. स्वप्नील निला ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और असुविधा के लिए रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।