अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर सियालदह मंडल का विशेष अभियान, लोगों को किया गया जागरूक

अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर सियालदह मंडल का विशेष अभियान, लोगों को किया गया जागरूक

कोलकाता। अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस 2026 के अवसर पर सियालदह मंडल द्वारा ढाकुरिया रेलवे स्टेशन पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे समपार फाटकों और रेल पटरियों को सुरक्षित ढंग से पार करने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम राजीव सक्सेना ने कहा कि रेलवे ट्रैक पार करते समय सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से समपार फाटक के नियमों का पालन करने और ट्रेन आने के दौरान कभी भी पटरी पार न करने की अपील की। उन्होंने अभियान का मुख्य संदेश "सेफ्टी फर्स्ट: लेवल क्रॉसिंग पर हमेशा सतर्क रहें" भी साझा किया।

इस अवसर पर एडीआरएम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी सुजीत सिन्हा सहित सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। डीआरएम ने आम जनता को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों वाले पंपलेट वितरित किए, जिनमें रेलवे क्रॉसिंग पर बरती जाने वाली सावधानियों और नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की जानकारी दी गई।

अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मंडल के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर रेलवे सुरक्षा विषयक नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को मनोरंजक तरीके से सुरक्षा संदेश पहुंचाया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस जागरूकता अभियान को लोगों का अच्छा सहयोग मिला और आम जनता ने इसकी सराहना की। कार्यक्रम के अंत में डीआरएम राजीव सक्सेना ने नागरिकों से रेलवे सुरक्षा के संदेश को अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों तक पहुंचाने की अपील की।