हरदोई में एसडीएम पर जानलेवा हमले से मचा हड़कंप, सिर फूटा, कई चोटें आईं, कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

हरदोई। शाहाबाद तहसील क्षेत्र में एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर हुए जानलेवा हमले के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। हमले में घायल एसडीएम के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उन्हें शाहाबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर छह टांके लगाए गए। बाद में मेडिकल कॉलेज में भी उनका उपचार किया गया।
एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा के अनुसार वह बाढ़ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अन्नपूर्णा भवन में परचून की दुकान संचालित होते देखी। उनका कहना है कि संबंधित दुकान अभी तक विभाग को विधिवत हैंडओवर नहीं हुई थी, बावजूद इसके वहां कारोबार चल रहा था। इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
एसडीएम ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत के पुत्र उदयवीर राजपूत समेत कुछ लोगों ने उनकी टीम को घेर लिया। उनके मुताबिक महिलाओं और अन्य लोगों ने भी हंगामा किया तथा उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के दौरान पत्थरबाजी हुई और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
घटना के बाद एसडीएम ने मीडिया के माध्यम से अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने कुछ फोटो और वीडियो भी उपलब्ध कराए, जिनमें मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। वहीं, इलाके में चल रही जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
इधर, मीडिया द्वारा घटना के संबंध में जानकारी लेने पर एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी की पत्रकारों से हुई तीखी बातचीत भी चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।