वंदे भारत में बिना टिकट यात्रा पड़ी महंगी, 9 यात्रियों से वसूले गए 21 हजार रुपये

जोधपुर। वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी पूर्णतः आरक्षित प्रीमियम ट्रेनों में बिना वैध टिकट या आरक्षण के यात्रा करना यात्रियों को भारी पड़ सकता है। शुक्रवार को दिल्ली कैंट?जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान 9 यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे रेलवे ने किराया और जुर्माना मिलाकर कुल 21,457 रुपये वसूले।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह आरक्षित श्रेणी की ट्रेन है। इसमें बिना आरक्षण या वैध यात्रा प्राधिकार के सफर करना रेलवे नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में यात्रियों से देय किराए के साथ अतिरिक्त जुर्माना भी वसूला जाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वंदे भारत एक्सप्रेस में ट्रेन के भीतर बिना पेनल्टी टिकट जारी करने की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यदि कोई यात्री गलती, जल्दबाजी या गलतफहमी में ट्रेन में चढ़ जाता है, तब भी उसे नियमानुसार किराया और जुर्माना देना होगा। यहां तक कि अगले स्टेशन पर उतरने की स्थिति में भी निर्धारित शुल्क का भुगतान अनिवार्य रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सवार होने से पहले ट्रेन संख्या, गंतव्य स्टेशन और कोच की जानकारी की पूरी तरह पुष्टि कर लें। वंदे भारत ट्रेनों में ऑटोमेटिक डोर सिस्टम लगा होता है, जिसके तहत ट्रेन रवाना होने से पहले सभी दरवाजे स्वतः बंद हो जाते हैं और यात्रा के दौरान लॉक रहते हैं। इसलिए चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना संभव नहीं होता।

रेल प्रशासन ने स्टेशन पर यात्रियों को छोड़ने आने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों के अनुसार प्लेटफॉर्म टिकट केवल स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म तक प्रवेश की अनुमति देता है, ट्रेन में यात्रा करने की नहीं। प्लेटफॉर्म टिकट लेकर ट्रेन में प्रवेश करने वालों के खिलाफ भी रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

9 बेटिकट यात्रियों से 21,457 रुपये की वसूली

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि शुक्रवार रात जोधपुर पहुंची ट्रेन संख्या 26481 दिल्ली कैंट?जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में चेकिंग स्टाफ राजेन्द्र कुमार यादव और हुकमाराम द्वारा टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 9 यात्री बिना टिकट पाए गए। उनसे 11,457 रुपये किराया और 10,000 रुपये जुर्माना सहित कुल 21,457 रुपये वसूले गए। उन्होंने बताया कि मंडल में सघन टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।