गोंदिया को मिली आधुनिक रेल अनुरक्षण की बड़ी सौगात, महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया नॉन-ईओटी कवर शेड का लोकार्पण

गोंदिया को मिली आधुनिक रेल अनुरक्षण की बड़ी सौगात, महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया नॉन-ईओटी कवर शेड का लोकार्पण

गोंदिया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने गुरुवार को नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया और 12 कोच मेमू रेक के रखरखाव को सुदृढ़ बनाने के लिए नवनिर्मित नॉन-ईओटी कवर शेड का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने डेमू शेड, कोचिंग डिपो, पीट लाइन तथा रनिंग लॉबी का भी गहन निरीक्षण कर संरक्षा, अनुरक्षण गुणवत्ता और परिचालन दक्षता की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने डेमू शेड में चल रहे विस्तार कार्यों का जायजा लेते हुए आधुनिक अनुरक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया। नॉन-ईओटी कवर शेड के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि रेलवे में आधुनिक तकनीकों और बेहतर अनुरक्षण सुविधाओं का विस्तार रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और प्रभावी बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह नई सुविधा विशेष रूप से 12 कोच मेमू रेक के रखरखाव को मजबूती प्रदान करेगी।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने गोंदिया कोचिंग डिपो एवं पीट लाइन में कोचों की साफ-सफाई, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, अनुरक्षण प्रणाली और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता और अनुरक्षण के उच्च मानकों को लगातार बनाए रखा जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके।

महाप्रबंधक ने रनिंग लॉबी का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने लोको पायलटों एवं सहायक लोको पायलटों को उपलब्ध सुविधाओं, क्रू प्रबंधन प्रणाली, विश्राम कक्षों तथा संरक्षा परामर्श व्यवस्था का अवलोकन किया। रेलकर्मियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता संरक्षा है और प्रत्येक कर्मचारी की सतर्कता, अनुशासन एवं कार्यनिष्ठा सुरक्षित रेल संचालन की आधारशिला है।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता मनीष अग्रवाल, मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा रेलवे परामर्शदात्री सहयोग समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने महाप्रबंधक को नागपुर मंडल में चल रहे संरक्षा उन्नयन कार्यों, अधोसंरचना विकास परियोजनाओं, अनुरक्षण सुविधाओं के आधुनिकीकरण तथा यात्री सेवा सुधार संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडल आधुनिक तकनीकों और नवाचारों के माध्यम से सुरक्षित, समयनिष्ठ और विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने संरक्षा, गुणवत्ता और परिचालन उत्कृष्टता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से संरक्षा के प्रति पूर्ण समर्पण, उत्कृष्ट अनुरक्षण व्यवस्था और यात्री सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गोंदिया में डेमू शेड के विस्तार, नॉन-ईओटी कवर शेड के लोकार्पण तथा कोचिंग डिपो एवं पीट लाइन की अनुरक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से मंडल की तकनीकी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे रेल सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और परिचालन दक्षता को नई गति मिलेगी तथा यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी।