गोंदिया स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 423 मामलों में ₹2.12 लाख से अधिक की वसूली

गोंदिया स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 423 मामलों में ₹2.12 लाख से अधिक की वसूली

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा गोंदिया रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष नाका टिकट जांच अभियान में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 423 मामलों में ₹2.12 लाख से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया।

2 जून 2026 को आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना तथा यात्रियों में रेलवे नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अभियान के तहत कुल 18 ट्रेनों की सघन जांच की गई, जिसमें बिना टिकट, अनियमित यात्रा, बिना बुक सामान ले जाने, गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 203 मामलों से ₹1,41,335, अनियमित यात्रा के 127 मामलों से ₹61,895, अनबुक्ड लगेज के 86 मामलों से ₹8,600, गंदगी फैलाने के 4 मामलों से ₹400 तथा धूम्रपान के 3 मामलों से ₹600 की वसूली की गई। कुल मिलाकर 423 मामलों में ₹2,12,830 का राजस्व प्राप्त हुआ।

इस विशेष अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक अरविंद साव ने किया। अभियान में 2 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 9 मुख्य टिकट निरीक्षक, 18 यात्रा टिकट परीक्षक, 3 बहु-कार्यी स्टाफ तथा रेलवे सुरक्षा बल के 2 जवानों सहित वाणिज्य विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने भाग लिया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने अभियान की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे विशेष जांच अभियान रेलवे की आय की सुरक्षा और यात्रियों में अनुशासन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यात्रियों से हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की।

वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि बिना टिकट यात्रा और रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यात्रियों से रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और धूम्रपान जैसी प्रतिबंधित गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह किया।

रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और रेलवे सेवाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।